October 16, 2026


जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार : वृद्धजन वार्ड पोषण पुनर्वास और प्रशामक देखभाल वार्ड का शुभारंभ

राजनांदगांव :- राजनांदगांव के जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं के दायरे को और व्यापक बनाते हुए आम जनता को बड़ी सौगात दी गई है। जिले के शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक संवेदनशील, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, जिला चिकित्सालय में विशेष इकाइयों का शुभारंभ किया गया है।

महापौर मधुसूदन यादव ने किया नए वार्डों का लोकार्पण

राजनांदगांव के महापौर श्री मधुसूदन यादव ने आज जिला चिकित्सालय पहुंचकर विशेष चिकित्सा इकाइयों का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया। इस दौरान अस्पताल में गंभीर और विशेष देखभाल की जरूरत वाले मरीजों के लिए तीन नए वार्ड खोले गए हैं:

10 बिस्तरीय वृद्धजन वार्ड: वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित और उनकी उम्र के हिसाब से विशेष चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए 10 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है।

10 बिस्तरीय पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC): कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य और उनके पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए विशेष रूप से 10 बिस्तरों वाला पोषण पुनर्वास केंद्र शुरू किया गया है।

3 बिस्तरीय दर्द एवं प्रशामक देखभाल वार्ड (Palliative Care Unit): गंभीर और असाध्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को दर्द से राहत और सम्मानजनक चिकित्सीय देखभाल उपलब्ध कराने के लिए 3 बेड का यह विशेष वार्ड बनाया गया है।

समाज के कमजोर और विशेष वर्गों को मिलेगा सीधा लाभ

उद्घाटन अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि यह पहल समाज के उन वर्गों को ध्यान में रखकर की गई है जिन्हें अतिरिक्त देखभाल और विशेष चिकित्सीय सहयोग की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वृद्धजन वार्ड बुजुर्गों को बेहतर इलाज देगा, पोषण केंद्र कुपोषण मिटाने में मिल का पत्थर साबित होगा और प्रशामक देखभाल वार्ड गंभीर मरीजों को जीवन के अंतिम या कठिन दौर में सम्मानजनक राहत प्रदान करेगा।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन एवं मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र प्रसाद, अस्पताल सलाहकार श्री अविन चौधरी, जिला एनसीडी कंसल्टेंट डॉ. विकास राठौर, जीवनदीप समिति के सदस्य श्री गुरमुख वाधवा व डॉ. अरविंद सिन्हा, प्रभारी मैट्रन श्रीमती रत्ना चंद्रा, आईसीसीयू एवं कैंसर यूनिट प्रभारी श्रीमती महिमा झा, ओपीडी प्रभारी श्रीमती रेखा देवांगन, वृद्धजन वार्ड प्रभारी श्री लभेश पगारे सहित जिला चिकित्सालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch