राजनांदगांव: बसंतपुर थाना क्षेत्र के पनेका-बांकल चौक में समता कालोनी निवासी प्रापर्टी डीलर प्रदीप सिंह और उनका परिवार सत्संग के लिए जमशेदपुर जाते वक्त सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। दुर्घटना में उनकी पत्नी अमृत कौर (45 वर्ष) और उनकी दो बेटियों अमनदीप कौर (13 वर्ष) तथा सिमरन कौर (11 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रदीप सिंह (57 वर्ष) और उनकी एक अन्य पुत्री तथा हरमन कौर (6 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रदीप के पिता तेजेंदर सिंह और उनका बड़ा बेटा जमशेदपुर के लिए रवाना हुए। वे मंगलवार की रात जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हास्पिटल (टीएमएच) पहुंचे।
यह घटना झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुदापी डाउन के पास मंगलवार को हुई। कौर परिवार की कार और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में परिवार की मां और दो बेटियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और एक अन्य पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पुलिस वाहन से तत्काल जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हास्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। ट्रेलर ने कार को इतनी जबरदस्त टक्कर मारी की उसके सामने का पूरा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन सड़क से कई फीट नीचे पलट गया। शव गाड़ी से बाहर आ गए थे।
प्रदीप कौर प्रापर्टी और मोटर्स डीलिंग का कार्य करते हैं। वे धार्मिक प्रवृत्ति के हैं। सामाजिकजनों ने बताया कि वे स्थानीय गुरुद्वारे में भी काफी सेवा कार्य किया करते हैं। जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को जमशेदपुर में सत्संग का आयोजन होना था। प्रदीप कौर अपने परिवार के साथ इसमें ही शामिल होने जा रहे थे। वे सोमवार की सुबह परिवार के साथ तैयार होकर निकले थे। दोपहर में उनकी अपने पिता से चर्चा भी हुई। लेकिन शाम को दुर्घटना की खबर आई जिसने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
मौत की खबर से मोहल्ले और समाज में मातम
सड़क दुर्घटना में कौर परिवार के सदस्यों की मौत से पनेका-बांकल स्थित उनके मोहल्ले और सिख समाज में मातम छाया हुआ है। स्थानीय निवासी मोनू श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदीप और उनका परिवार हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का है। उनकी तीनों बेटियों का चहकना लोगों को भाता था। मोहल्ले वासियों को पूरे परिवार के साथ हुए इस हादसे ने झकझोर दिया है। अमृत कौर के अलावा उनकी बेटियों अमनदीप और सिमरन की मृत्यु से सभी स्तब्ध हैं।
तीन महीने पहले ही घर बनाया, 2011 में हुई थी शादी
प्रदीप सिंह का विवाह अमृता कौर से वर्ष 2011 में हुआ था। दोनों की तीन बेटियां थीं। तीन महीने पहले ही वह पनेका मार्ग पर समता कालोनी स्थित अपने नये मकान में रहने आए थे। सामाजिकजनों ने बताया कि कौर परिवार पहले काफी संकटों से गुजरा है। कुछ महीनों पहले तक परिवार महेश नगर में किराए के मकान पर रहता था। इसी दौरान प्रदीप सिंह ने यहां अपना घर बनाया और हंसी-खुशी परिवार के साथ रह रहे थे।