राजनांदगांव: जिला मुख्यालय मोहला में नियमितीकरण, पदोन्नति और पेंशन सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने एक दिवसीय हड़ताल की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच छत्तीसगढ़ के बैनर तले जिलेभर की कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखकर रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार अनुरिमा टोप्पो को ज्ञापन सौंपा।
सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं मां छुरिया मंदिर परिसर से रैली निकालकर कलेक्टोरेट पहुंचीं। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। तहसीलदार ने ज्ञापन प्राप्त कर इसे कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात कही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच की जिला अध्यक्ष पूर्णिमा निषाद ने बताया कि कार्यकर्ता और सहायिकाएं लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं। उनकी प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, पदोन्नति, मध्यप्रदेश की तर्ज पर प्रतिवर्ष एक हजार रुपये की वेतनवृद्धि, पेंशन योजना लागू करने और अनुकंपा नियुक्ति का प्रविधान शामिल है।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान में सहायिकाओं को प्रतिमाह 2,700 रुपये और कार्यकर्ताओं को 4,500 रुपये मानदेय मिल रहा है। इतनी कम राशि में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने शासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर राहत देने की अपील की। प्रदर्शन में जिला स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका संघ के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए।