June 06, 2026


दिल्ली में आज कर्मचारियों का महाप्रदर्शन छत्तीसगढ़ से सैकड़ों कर्मचारी जंतर मंतर के लिए रवाना

डोंगरगढ़ :- चतुर्थ श्रेणी एवं लघु वेतन कर्मचारियों की मांगों को लेकर आज देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर में देशव्यापी महाप्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। ऑल इंडिया स्टेट गवर्नमेंट क्लास-4 एम्प्लॉइज फेडरेशन के आह्वान पर होने वाले इस आंदोलन में देशभर के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ से भी सैकड़ों कर्मचारियों का जत्था दिल्ली पहुंच चुका है।

फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. गणेशन के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ का नेतृत्व ऑल इंडिया डिप्टी जनरल सेक्रेटरी योगेश चौरे कर रहे हैं। बताया गया कि वे न केवल प्रदेश के कर्मचारियों का नेतृत्व करेंगे, बल्कि देशभर से पहुंचे कर्मचारियों के इस बड़े आंदोलन की अगुवाई में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार केंद्र सरकार, 8वें वेतन आयोग, केंद्रीय कैबिनेट सचिव तथा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मुख्य सचिवों के नाम ज्ञापन सौंपकर 11 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अपेक्षित पहल नहीं हुई।

ऑल इंडिया डिप्टी जनरल सेक्रेटरी योगेश चौरे ने कहा कि यह आंदोलन चतुर्थ श्रेणी एवं लघु वेतन कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान और हितों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर देशभर के कर्मचारी एक मंच पर एकजुट हुए हैं और अपनी बात सरकार तक मजबूती से पहुंचाएंगे।

कर्मचारी संगठनों का दावा है कि जंतर-मंतर में होने वाला यह प्रदर्शन अब तक के सबसे बड़े कर्मचारी आंदोलनों में से एक होगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch