मोहला: वनांचल क्षेत्रों में इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन का मामला लगातार सामने आ रहा है। वन विभाग अंबागढ़ चौकी ने बुधवार रात अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेमल लकड़ी से भरे एक वाहन को जब्त किया है। टीम ने बांधाबाजार क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन क्रमांक CG 07 BS 3504 को पकड़ा। वाहन में भारी मात्रा में सेमल लकड़ी को ग्राम हाड़ीटोला से उतई (दुर्ग) ले जाया जा रहा था।
वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर अंबागढ़ चौकी डिपो में खड़ा कर दिया है। प्रारंभिक जांच में परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। हालांकि वाहन चालक के पास ग्राम पंचायत सरपंच की सील और हस्ताक्षर युक्त एक अनापत्ति प्रमाण पत्र मिला, लेकिन उसमें न तो वाहन क्रमांक का उल्लेख था और न ही लकड़ी की प्रजाति एवं संख्या दर्ज थी। इसके चलते दस्तावेज को अपूर्ण और संदिग्ध माना गया। दस्तावेज के अनुसार लकड़ी रमन मंडावी ग्राम हाड़ीटोला निवासी की है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश कश्यप ने बताया कि सूचना के आधार पर लकड़ी से भरी बड़ी माजदा वाहन को जब्त किया गया है। सेमल वृक्ष की कटाई के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी की अनुमति आवश्यक है, जो इस मामले में उपलब्ध नहीं पाई गई। वन विभाग द्वारा वाहन चालक और उसके सहयोगियों के विरुद्ध पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सरपंचों को जिले से बाहर लकड़ी ट्रांसपोर्टिंग के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने बताया कि संबंधित स्थान का मौका मुआयना किया जाएगा। यदि लकड़ी राजस्व भूमि से काटी गई पाई जाती है तो प्रकरण राजस्व विभाग को सौंपा जाएगा, जबकि वन भूमि से कटाई की पुष्टि होने पर वन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।