राजनांदगांव :- राजनांदगांव नगर निगम सीमांतर्गत वर्षों से किराए के मकानों में रहने वाले और आवासहीन जरूरतमंद परिवारों का अपने खुद के पक्के मकान का सपना अब साकार होने जा रहा है। ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के घटक ‘मोर मकान मोर आस’ के तहत 28 अक्टूबर (बुधवार) को दोपहर 3:30 बजे नगर निगम सभागृह में लॉटरी के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आवास आबंटित किए जाएंगे।
लखोली, पेंड्री, मोहारा और रेवाड़ीह में बने हैं आधुनिक आवास
नगर निगम द्वारा योजना के अंतर्गत लखोली, पेंड्री, मोहारा और रेवाड़ीह आदि क्षेत्रों में 1427 बहुमंजिला सुविधायुक्त आवास पूरी तरह निर्मित कर लिए गए हैं, जबकि 503 आवास निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं। इससे पूर्व प्रक्रिया के तहत 328 पात्र आवेदकों को आवास आबंटित किए जा चुके हैं।
915 पात्र आवेदकों में से जमा राशि वालों को मिलेगा मौका
नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने जानकारी देते हुए बताया कि दावा-आपत्ति निष्पादन के बाद पूर्व सूची के 915 पात्र आवेदकों में से जिन हितग्राहियों ने परियोजना अनुसार अपनी अंशदान राशि जमा कर दी है, उन्हें 28 अक्टूबर की लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने अपील की है कि जिन पात्र आवेदकों ने अब तक अपनी निर्धारित राशि जमा नहीं की है, वे कार्यालयीन दिवसों में निगम में उपस्थित होकर तुरंत राशि जमा कराएं, ताकि उन्हें आबंटन प्रक्रिया में शामिल किया जा सके।
पूर्ण एवं निर्माणाधीन मकानों के लिए भुगतान की शर्तें
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवासों की स्थिति के अनुसार भुगतान के नियम तय किए गए हैं:
पूर्ण निर्मित आवास: जो मकान पूरी तरह बनकर तैयार हैं और सीधे आबंटन योग्य हैं, उनके लिए हितग्राहियों को अपने अंशदान की पूरी राशि एकमुश्त अग्रिम जमा करनी होगी।
निर्माणाधीन आवास: जो मकान अभी निर्माणाधीन हैं, उनके लिए लॉटरी से पूर्व आवास के कुल मूल्य का 10 प्रतिशत जमा करना होगा। शेष 90 प्रतिशत राशि आगामी 10 महीनों में आसान किस्तों में देनी होगी।
एक वर्ष में पूर्ण होंगे सभी निर्माणाधीन मकान
निर्माणाधीन आवासों की लागत और स्थिति का ब्योरा देते हुए आयुक्त ने बताया कि:
रेवाड़ीह (258 यूनिट): प्रति आवास लागत ₹3,02,213/-
पेंड्री एवं मोहारा (870 यूनिट): प्रति आवास लागत क्रमशः ₹2,91,027/- और ₹2,80,115/-
ये सभी निर्माणाधीन आवास आगामी एक वर्ष के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे। आबंटन के बाद हितग्राही स्वयं अपने सपनों के मकान को अपनी आंखों के सामने बनता हुआ देख सकेंगे।