राजनांदगांव: पीवी एप की अनिवार्यता खत्म करने और राजस्व निरीक्षक (आरआइ) पदों पर पदोन्नति की मांग को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल कई दिनों से जारी है। अब छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने भी धरनास्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया है। फेडरेशन ने आरआई पदों पर सीधी भर्ती बंद करने की मांग उठाई।
फेडरेशन के जिला संयोजक सतीश ब्यौहारे और जिला महासचिव पीआर झाड़े ने कहा कि पर्याप्त तकनीकी तैयारी के बिना पीवी एप लागू किया गया है। सर्वर की समस्या, गलत जीपीएस लोकेशन और ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की कमी से पटवारियों को काम करने में परेशानी हो रही है। समस्याओं का समाधान किए बिना एप अनिवार्य करना व्यावहारिक नहीं है।
उन्होंने कहा कि पटवारी वर्षों तक मैदानी स्तर पर राजस्व संबंधी कार्य करते हैं। ऐसे में उन्हें आरआई पदों पर पदोन्नति का अवसर मिलना चाहिए। फेडरेशन ने पीवी एप की अनिवार्यता समाप्त करने, सीधी भर्ती रोकने, पात्र पटवारियों को पदोन्नति देने और हड़ताल के कारण कर्मचारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई वापस लेने की मांग की। फेडरेशन के अनुसार, हड़ताल से गिरदावरी, नामांतरण, फौती और सीमांकन जैसे राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आगामी धान खरीदी की तैयारियों पर भी असर पड़ने की आशंका है। मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर आंदोलन व्यापक करने की चेतावनी दी गई। आंदोलन को समर्थन देने रोहित सिन्हा, आदर्श वासनिक, सुदेश यादव, संजय तिवारी, प्रकाश सहारे, केदार शांडिल्य और हरीश कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी पहुंचे। यह जानकारी राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष भीष्म ठाकुर ने दी।