October 14, 2026


सुदूर वनांचल में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी की जनचौपाल

हिरोली, कड़मपाल और मदाडी के दौरे में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद; मौके पर ही समस्याओं का समाधान, दिव्यांगों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों को मिली त्वरित राहत

दंतेवाड़ा : जिला पंचायत अध्यक्ष  नंदलाल मुड़ामी ने जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के सुदूर वनांचल स्थित ग्राम पंचायत हिरोली, कड़मपाल एवं मदाडी का व्यापक दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया तथा कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया।

दौरे के दौरान  मुड़ामी ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े पात्र हितग्राही तक बिना किसी बाधा के लाभ पहुंचाना है।

दिव्यांगजनों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई

ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कई दिव्यांगजनों ने बताया कि दिव्यांगता प्रमाणपत्र नहीं बनने के कारण वे शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। इस पर अध्यक्ष ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग की टीम ने बिना विलंब दिव्यांगजनों को जिला अस्पताल पहुंचाकर प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की।

दिव्यांग बालक की शिक्षा की जिम्मेदारी

दौरे के दौरान दिव्यांग बालक विनय कुमार की शिक्षा का विषय सामने आने पर  मुड़ामी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसका प्रवेश सक्षम विद्यालय, जावंगा में सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग ने तत्काल दाखिला की प्रक्रिया पूरी की।

बुजुर्ग महिला का घर पहुंचकर कराया ई-केवाईसी

ग्राम पंचायत कड़मपाल में आग से झुलसकर चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग महिला श्रीमती बोदे से मुलाकात में पता चला कि ई-केवाईसी नहीं होने से वे महतारी वंदन योजना से वंचित थीं। अध्यक्ष ने अधिकारियों को मौके पर बुलाकर उनका ई-केवाईसी पूर्ण कराया।

ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और राशन से जुड़ी मांगें रखीं, जिस पर अध्यक्ष ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष  अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष  सुकालू मुडामी, उपाध्यक्ष  सुमित भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सरपंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch