खरसिया : खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बानीपात्थर में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे हुऐ। दोपहर करीब 3 बजे बाइक और कार की टक्कर में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। एक युवक के सिर और सीने में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे के पैर में गंभीर चोट लगी। सूचना पर खरसिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 112 की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
वहीं शाम को पानी पाथर में ही दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रक का चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रस्सी की मदद से चालक को बाहर निकाला। गंभीर हालत में चालक को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटने से यातायात प्रभावित हुआ। खरसिया थाना पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त कर आवागमन सुचारु कराया। दोनों मामलों में टीआई सीताराम ध्रुव के निर्देश पर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।