October 08, 2026


खरसिया में विद्युत बकायादारों के खिलाफ सघन विद्युत विच्छेदन अभियान चला, जिसमें 123 कनेक्शन काटे गये

खरसिया :  खरसिया उपसंभाग में 8 अक्टूबर 2026 गुरुवार को बकायादार विद्युत उपभोक्ताओं के खिलाफ सघन विद्युत विच्छेदन एवं राजस्व वसूली अभियान चलाया गया। अभियान के लिए 10 टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने खरसिया शहर एवं ग्रामीण वितरण केंद्र क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 123 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए। इन उपभोक्ताओं पर करीब 32.43 लाख रुपये की बकाया राशि लंबित थी। कार्रवाई के दौरान विभागीय टीमों ने उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा करने के लिए प्रेरित किया, जिसके परिणामस्वरूप 53 उपभोक्ताओं से मौके पर ही 9.51 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल की गई। वहीं, पूर्व में बकाया राशि के कारण कनेक्शन विच्छेदित किए जा चुके उपभोक्ताओं की भी जांच की गई। जांच में 7 उपभोक्ता ऐसे पाए गए, जो कनेक्शन कटने के बावजूद कथित रूप से अवैध तरीके से विद्युत का उपयोग कर रहे थे। इन मामलों में विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए, जिनकी कुल राशि करीब 3.02 लाख रुपये बताई गई है। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से लंबित बिलों का समय पर भुगतान करने की अपील करते हुए कहा है कि राजस्व वसूली और विद्युत चोरी अथवा अवैध उपयोग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने वर्तमान में संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा लंबित बिलों का भुगतान आसान किस्तों में अथवा एकमुश्त करने की अपील भी की है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch