October 27, 2026


वालीबाल में रायपुर दुर्ग और क्रिकेट में बस्तर बिलासपुर की जीत

राजनांदगांव: राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल मैदान में रोमांच भर दिया। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला शिक्षा विभाग राजनांदगांव द्वारा आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 29 अक्टूबर तक किया जा रहा है। पहले दिन 19 वर्ष बालक-बालिका वालीबाल और 19 वर्ष बालक क्रिकेट के मुकाबलों में विभिन्न संभागों की टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। स्टेट स्कूल के वालीबाल मैदान में 19 वर्ष बालक वर्ग के पहले मुकाबले में रायपुर ने बस्तर को दो- शून्य से हराया, जबकि दूसरे मैच में दुर्ग ने सरगुजा को दो-शून्य से पराजित किया। बालिका वर्ग में भी रायपुर ने बस्तर और दुर्ग ने सरगुजा को दो- शून्य से शिकस्त देकर अगले चरण में प्रवेश किया। वहीं नवागांव मिनी स्टेडियम में खेले गए क्रिकेट मुकाबलों में बस्तर और बिलासपुर की टीमों ने जीत दर्ज की। पहले मैच में बस्तर ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आलोक जाना के 70 और चैतन्य के 41 रनों की मदद से 159 रन बनाए। दुर्ग की ओर से प्रिंस यादव ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुर्ग की टीम सारांश सिन्हा के 65 रनों के बावजूद 134 रन ही बना सकी। इस तरह बस्तर ने 26 रन से मुकाबला अपने नाम किया। दूसरे मैच में सरगुजा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋषि के 34 रनों की मदद से 109 रन बनाए। जवाब में बिलासपुर ने नौ ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। बिलासपुर की ओर से लवकेश ने शानदार 58 रन बनाए, जबकि अजय और लवकेश ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch