October 28, 2026


मटन अपशिष्ट से परेशान नंदई के रहवासी निगम लगाएगा इंसीनरेटर

इधर, टीम ने बिरयानी सेंटर से तीन घरेलू सिलेंडर जब्त किए, बिरयानी के नमूने लिए

राजनांदगांव : नंदई क्षेत्र में मटन मार्केट से निकलने वाले मांस अपशिष्ट को लेकर रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। शिकायत है कि चील, गिद्ध और कई जानवर मांस अपशिष्ट को घरों के आसपास छोड़ देते हैं। समस्या के निराकरण के लिए महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार को मटन मार्केट का निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने और मांस अपशिष्ट के निपटान के लिए इंसीनरेटर लगाने के निर्देश दिए। वहीं, शाम को नगर निगम, खाद्य एवं औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नंदई के बिरयानी सेंटरों की जांच कर तीन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।

महापौर यादव ने निगम आयुक्त जीआर मरकाम और अधिकारियों के साथ नंदई क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। दीपावली को देखते हुए हाट बाजार, मटन मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने मांस अपशिष्ट के मौके पर ही निपटान के लिए इंसीनरेटर लगाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे ने बताया कि इंसीनरेटर लगाने की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके लगने के बाद प्रति घंटे 100 किलो मांस अपशिष्ट का निपटान किया जा सकेगा।

 तीन सेंटरों से घरेलू सिलेंडर जब्त

अवैध मांस विक्रय और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए संयुक्त टीम ने नंदई के ढीमर चिकन सेंटर, केजीएन चिकन सेंटर और लक्की चिकन सेंटर की जांच की। तीनों जगह व्यावसायिक के स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल पाया गया। टीम ने एक-एक सिलेंडर जब्त किया। इसके अलावा अंसारी चिकन और अल जमजम बिरयानी सेंटर सहित अन्य प्रतिष्ठानों में जांच की गई। खाद्य एवं औषधि विभाग ने चिकन बिरयानी के नमूने भी जांच के लिए लिए।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch