राजनांदगांव। धमतरी के गौरवपथ रोड स्थित अर्पिता स्पेशल एजुकेशन एंड स्पीच क्लास के तत्वावधान में एक दिवसीय विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य उन बच्चों को उचित मार्गदर्शन और परामर्श प्रदान करना था, जो तुतलाने, हकलाने, शब्दों का सही उच्चारण न कर पाने तथा ऑटिज्म जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। कार्यक्रम में अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ सहभागिता की।
गौरतलब है कि, वर्कशॉप में राजनांदगांव की प्रसिद्ध स्पीच थैरेपी विशेषज्ञ रजनी राठी ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने बच्चों की समस्याओं का परीक्षण कर अभिभावकों को आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही बच्चों के व्यवहार, भाषा विकास और संचार क्षमता को बेहतर बनाने के लिए कई उपयोगी सुझाव भी साझा किए।
इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे उनकी बोलने, समझने और अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने का प्रयास किया गया। अभिभावकों ने भी विशेषज्ञों से संवाद कर बच्चों की समस्याओं के समाधान संबंधी जानकारी प्राप्त की। वर्कशॉप में बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर लाभ पहुंचाए जिससे अभिभावकों में सकारात्मक उम्मीद जगी।
कार्यक्रम में अर्पिता स्पेशल एजुकेशन एंड स्पीच क्लास की संचालिका एवं स्पेशल एजुकेटर मेघा तिवारी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों के विकास और समाज में उनकी बेहतर सहभागिता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अभिभावकों ने संस्था और विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया।