राजनांदगांव: कथित लव जिहाद को लेकर संस्कारधानी में बीते चार दिनों से चल रहा गतिरोध गुरुवार को दोपहर बाद दूर हो गया। एक मुस्लिम युवक के साथ कोर्ट मैरिज करने आवेदन देने वाली युवती को तीसरे दिन सखी सेंटर से उनके स्वजनों को सौंप दिया गया। हिंदू संगठनों के प्रदर्शन और युवती को घर वापस भेजने को लेकर दबाव के बीच मुस्लिम समुदाय की तरफ से पहल की गई। लगातार काउंसिलिंग के दौरान समझाइश के बाद युवती अपने घर लौटने तैयार हो गई। कायस्थ समाज ने इसके लिए हिंदू संगठनों के साथ ही प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।
शहर में इसके पहले भी कई युवती मुस्लिम युवकों से प्रेम विवाह कर चुकी है। अधिकांश ने कोर्ट मैरिज ही किया है। अब तक कानून व्यवस्था पर बात नहीं आई थी। कायस्थ सभा के तगड़े विरोध और स्वजनों के हौसलों को हिंदू संगठनों ने ताकत दी। प्रकरण सामने आते ही महावीर चौक पर डेढ़ घधंटे तक प्रदर्शन किया गया। फिर कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन कर सुंदरकांड का पाठ किया गया। इसमें सर्व समाज ने भी पूरा साथ दिया। सबकी एक ही मांग थी कि युवती को स्वजनों को सौंपा जाए। लगातार दो दिनों की काउंसिलिंग और इस बीच हिंदू संगठनों के दबाव के बाद मुस्लिम समुदाय की तरफ से की गई पहल के बाद युवती को आखिरकार घर लौटने सहमत कर लिया गया। एसडीएम गौतम पाटिल ने बताया कि युवती बालिग है। उनके निर्णय के बाद उन्हें स्वजनों को सौंप दिया गया।