राजनांदगांव: हमर हरियर राजनांदगांव अभियान के तहत शहर को हराभरा बनाने नगर निगम ने इस बार वर्षाकाल में 10 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। विशेष यह है कि सार्वजनिक स्थानाें पर तो पौधारोपण कराया ही जाएगा, घराें, बाड़ियों और अन्य जगहों पर रोपने के लिए पौधों के साथ कंपोस्ट खाद भी निश्शुल्क दिया जाएगा। प्रशासन स्थल चयन कर रहा है। उसके बाद घर-आंगन में मुनगा, केला, आंवला, कटहल, पपीता, बेल, नीबू जैसे औषधीय गुणों वाले फलों के पौधे बांटे जाएंगे। साथ ही सरकारी जमीनों पर शीशम, करंज, अर्जुन, खम्हार, चार, हर्रा व पीपल जैसे देसी पेड़ों के लिए पौधारोपण किया जाएगा।
पौधारोपण अभियान में जनसहभागिता तो हर वर्ष रहती ही है। इस बार इससे लोगों को जोड़ने पहली बार पौधों के साथ खाद भी फ्री दी जाएगी। इसके लिए शहर के सभी 17 एसएलआरएम सेंटरों में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा खाद तैयार की जा रही है। पांच-पांच किलो का पैकेट बनाकर पौधों के साथ उसे दिया जाएगा। नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने बताया कि पर्याप्त जगह वाले घरों की बाड़ियों में वैज्ञानिक पद्धति से व्यवस्थित ढंग से पौधारोपण कराया जाएगा। रसोई घर से लगे भाग में मुनगा का पेड़ होगा। प्रवेश द्वार पर नीबू और धोने-मांजने वाली जगह पर केला का पौधा लगाया जाएगा। शेष पौधों का रोपण जगह की उपलब्धता के आधार पर किया जाना है। इसके लिए नगर निगम ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। मैदानी अमला घर-घर जाकर जगह की तलाश के लिए सर्वे कर रहा है। फिर उसका सत्यापन किया जाएगा। शिविर लगाकर लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके बाद ही पौधारोपण होगा। इतना ही नहीं उसके बाद निगरानी के लिए भी पृथक से टीम रहेगी।
छायादार ही नहीं फलदार पेड़ों से भी होगी उद्यानों की हरियाली
शहर के उजाड़ हो चुके उद्यानों में फिर से रौनक और हरियाली लौटने वाली है। इस वर्षाकाल में नगर निगम ने जो 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, उनमें से लगभग 30 प्रतिशत पौधे इन्हीं उद्यानों में लगाए जाएंगे। इसके लिए उद्यानों का चयन करने के साथ ही पौधारोपण की शुरुआत भी कर दी गई है। इस दौरान छायादार व शोदार पौधे तो लगा ही जा रहे, फलदार पौधे भी रोपे जा रहे हैं।
इसी कड़ी में ममता नगर की आनंद विहार कालोनी के उद्यान में महापौर मधुसूदन यादव ने विभिन्न प्रजातियों के 52 पौधे लगाए। इस दौरान कालोनी की ज्योति टांक, माया शर्मा, विधि व्यास, सुनीति देवांगन, चेतना महाकालकर, ज्योति टांक, ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्लै, पार्षद संगीता-युधिष्ठिर देवांगन, पूर्व पार्षद मुकेश बघेल, भाजपा नेता मयूर टांक, प्रशांत वैष्णव, महेंद्र साहू, तोशल चंद्राकर, नरेंद्र देवांगन, नरेश वर्मा, तोषण चंद्राकर, अतुल टांक ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण अभियान में सहभागिता की।