आरंग : भारत सरकार के 'नशा मुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत मंगलवार को आरंग स्थित जीवन ज्योति इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल द्वारा नगर में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर "नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त युवा", "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" तथा "स्वस्थ युवा, समृद्ध भारत" जैसे प्रेरक नारे लगाए। विद्यार्थियों ने नागरिकों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने विशेष रूप से युवाओं से शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ने की अपील की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए बच्चों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने का यह प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
रैली के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे और अभियान का मार्गदर्शन किया। अंत में सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।