August 06, 2026


वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर पालिका किरंदुल द्वारा ब्लीचिंग पाउडर एवं लार्वा नाशक का किया जा रहा है छिड़काव

किरंदुल। वर्षा ऋतु में मच्छरों एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद किरंदुल द्वारा नगर के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हुए ब्लीचिंग पाउडर एवं लार्वा नाशक (लार्वा हिट) का नियमित छिड़काव किया जा रहा है।

नगर पालिका की स्वच्छता टीम नालियों, जलभराव वाले क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर छिड़काव कर रही है, ताकि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं अन्य संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके। साथ ही सफाई व्यवस्था को भी लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।


नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्षा ऋतु में नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरे नगर में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर एवं लार्वा नाशक का छिड़काव कराया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर, टंकियों एवं अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

उप अभियंता संजय मार्कण्डेय ने बताया कि नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त छिड़काव भी कराया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की संक्रामक बीमारी का फैलाव रोका जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही नगर को स्वच्छ एवं रोगमुक्त बनाया जा सकता है।

किरंदुल नगर पालिका परिषद ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में जलभराव, गंदगी या मच्छरों की अधिकता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जा सके।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch