October 27, 2026


मलाई पेड़ा काजू कतली और नानखटाई के नमूने लिए जिले में दो टीमें सक्रिय

राजनांदगांव : त्योहार के दौरान मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को विभाग की दो टीमों ने हल्दीराम रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स और जंगलपुर स्थित ज्योति बेकरी का औचक निरीक्षण कर तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की पहली टीम ने हल्दीराम रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां से गुणवत्ता जांच के लिए मलाई पेड़ा और काजू कतली के नमूने लिए गए। टीम ने प्रतिष्ठान के निर्माण और भंडारण परिसर में साफ-सफाई तथा स्वच्छता संबंधी मानकों की भी जांच की। दूसरी टीम ने जंगलपुर स्थित ज्योति बेकरी का निरीक्षण कर नानखटाई का नमूना लिया। बेकरी संचालक को निर्माण सामग्री के उचित रख-रखाव और स्वच्छता के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।

 मावा, पनीर और घी पर भी नजर

अभिहित अधिकारी तरुण बिरला ने बताया कि विभाग की दोनों टीमें दीपावली तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी। अस्थायी दुकानें लगाने वाले और दूसरे जिलों या राज्यों से खाद्य सामग्री बेचने आने वाले कारोबारियों पर भी निगरानी रखी जाएगी। खोवा, मावा, पनीर, घी, खाद्य तेल, रंगीन मिठाइयों और डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों की जांच पर ध्यान दिया जाएगा।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch