राजनांदगांव: लगातार हो रही बारिश ने जिला चिकित्सालय में लोक निर्माण विभाग की निर्माण और रखरखाव व्यवस्था की पोल खोल दी है। अस्पताल परिसर में जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि बारिश का पानी एक्स-रे कक्ष तक पहुंच गया। इससे लाखों रुपये की एक्स-रे मशीन के खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। मामले को लेकर भाजपा नेता राजेश श्यामकर ने अस्पताल का निरीक्षण कर पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। सोमवार सुबह अस्पताल पहुंचे श्यामकर ने परिसर का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होना गंभीर लापरवाही का उदाहरण है। मानसून शुरू होते ही अस्पताल में जलभराव की स्थिति बन जाना यह दर्शाता है कि रखरखाव और पूर्व तैयारी के दावों की हकीकत क्या है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में जगह-जगह पानी भरा मिला। सबसे अधिक चिंता एक्स-रे कक्ष में पानी पहुंचने को लेकर जताई गई। यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं की गई तो महंगी एक्स-रे मशीन खराब हो सकती है, जिससे मरीजों की जांच व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। इसका सीधा असर प्रतिदिन इलाज के लिए आने वाले सैकड़ों मरीजों पर पड़ेगा। राजेश श्यामकर ने कहा कि अस्पताल में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। जलभराव के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पीडब्ल्यूडी ने समय पर नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की होती तो ऐसी स्थिति निर्मित नहीं होती। उन्होंने आशंका जताई कि यदि आगामी दिनों में तेज बारिश हुई और तत्काल सुधार नहीं किया गया तो अस्पताल के अन्य वार्डों तथा चिकित्सा उपकरणों को भी नुकसान पहुंच सकता है।