राजनांदगांव: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के रक्षित केंद्र में शस्त्र पूजा के दौरान कथित हवाई फायरिंग से जुड़े बहु प्रसारित वीडियो पर राजनीतिक सवाल उठने लगे हैं। विधायक इंद्रशाह मंडावी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह के पुत्र से जुड़े वीडियो की निष्पक्ष जांच और शस्त्र संचालन नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से भी जांच कराने का आग्रह किया है। आरोप है कि एसएसपी के पुत्र ने भी सरकारी बंदूक से हवाई फायरिंग की।
मंडावी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने बातचीत में वीडियो पिछले वर्ष का बताया है। विधायक ने सवाल उठाया कि वीडियो पुराना होने पर भी यह स्पष्ट होना चाहिए कि संबंधित व्यक्ति को हथियार किस अधिकार से दिया गया। उन्होंने रक्षित केंद्र के पिछले छह माह के सीसीटीवी फुटेज, मूल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान की जांच कराने की मांग की है।
मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फेसबुक पोस्ट में सवाल उठाया कि कानून के रखवाले ही नियमों की धज्जियां उड़ाएंगे, तो जनता की रक्षा कौन करेगा? उन्होंने यह भी पूछा कि सरकार ने मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अब तक क्या कार्रवाई की है। विधायक ने मांग की कि जांच संबंधित अधिकारी के प्रभाव से मुक्त एजेंसी से कराई जाए और नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होने पर वैधानिक कार्रवाई की जाए।