July 30, 2026


शराब पीने के बाद विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या

पड़ोसी ने ही किया हमला, पुलिस थाने से एक किलोमीटर दूर हुई घटना संदेहियों से पूछताछ, आरोपित को फरार बता रही पुलिस

राजनांदगांव: डोंगरगढ़ नगर के कश्मीरीपारा में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात पुलिस थाने से करीब एक किलोमीटर दूर हुई। घटना रात नौ बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।

डोंगरगढ़ पुलिस के अनुसार कश्मीरीपारा निवासी धन्नू ठाकुर (33) अन्य युवकों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात पर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर पड़ोसी अभय निषाद ने धन्नू ठाकुर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी भूषण चंद्राकर ने कहा कि आरोपित की तलाश के लिए टीम गठित की गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 नशाखोरी पर फिर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में देर रात तक खुलेआम शराबखोरी और नशाखोरी होती है। इसकी शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ समय में डोंगरगढ़ में नशे की हालत में मारपीट, चाकूबाजी और हिंसक घटनाओं के कई मामले सामने आ चुके हैं।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch