आरंग। गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, आरंग के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में कराटे एवं हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 25 विद्यार्थियों का संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
कराटे प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में महत्व नाथ योगी, चिराग चांदनी, आर्या श्री एवं कृतिका साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संभाग स्तर के लिए स्थान बनाया। वहीं अंडर-14 वर्ग में हर्षिका चंद्राकर एवं श्लोक पुरी गोस्वामी ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए चयन हासिल किया।
हैंडबॉल प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक वर्ग से आयुष्मान गुप्ता एवं मुकुल ठाकुर, जबकि बालिका वर्ग से दुर्भिच्छा नामदेव, जिया लोधी, सुमेरा बानो एवं तस्लीम बानो का चयन हुआ।
अंडर-17 बालिका वर्ग में हिमानी ध्रुव, मिताली यादव, कामाक्षी देवांगन एवं यामिनी लोधी, जबकि बालक वर्ग से देवेश टंडन संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
इसी प्रकार अंडर-19 बालिका वर्ग में यशिका ठाकुर, नरगिस बानो, मानवी देवांगन एवं रागिनी साहू तथा बालक वर्ग में सुजल देवांगन और भावेश साहू ने भी संभाग स्तर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों ने खेल शिक्षिका एवं कोच प्रियल साहू तथा विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्राचार्य हरेश कुमार दास, एकेडमिक प्रभारी पुष्पलता जॉर्ज एवं समस्त विद्यालय परिवार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने सभी चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित करने की भी घोषणा की है।