बिलाईगढ़ - आज छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस संघ का प्रतिनिधि मंडल विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सत्यनारायण साहू से मुलाकात कर शिक्षकों /कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण की दिशा में चर्चा-परिचर्चा कर ज्ञापन सौंपा एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की गई। बता दें कि छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस संघ शिक्षकों का पंजीकृत संगठन है, जो कि छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा मान्यता प्राप्त है। यह संगठन राष्ट्र हित, विद्यार्थी हित एवं शिक्षकों के हित में स्वतंत्रता पूर्वक संघ के संविधान के अनुरूप कार्य करता है। संघ द्वारा विगत समय में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की अनेक समस्याओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था, जिस पर कुछ समस्याएं यथावत लम्बित रही है, उक्त समस्याओं के निराकरण के लिए आज संघ का प्रतिनिधि मंडल पुनः विकासखंड शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर समस्याओं के संबंध में विस्तृत चर्चा-परिचर्चा किया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सत्यनारायण साहू ने सभी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया। संघ की 10 सूत्री मांग निम्नानुसार है:
1. वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 आयकर कटौती की राशि संबंधित शिक्षकों के आयकर एकाउंट में जमा की गई है या नहीं ? इसका लिखित जवाब साक्ष्य सहित संघ को उपलब्ध कराया जावे तथा यदि जमा नहीं की गई है तो जमा नहीं करने का कारण बताया जाए।
2. वर्ष 2012 से शिक्षा कर्मियों के वेतन से काटी गई एन.पी.एस. की राशि संबंधित शिक्षकों के एकाउंट में जमा की गई है या नहीं ? यदि जमा कर दी गई है, तो किस एकाउंट में जमा की गई है और यदि जमा नहीं की गई है तो क्यों ?
3. वर्ष 2025-26 का समस्त कर्मचारियों का गोपनीय प्रतिवेदन/कार्य निष्पादन प्रतिवेदन नियमानुसार तैयार कर ली गई है या नहीं ? यदि नहीं की गई है तो यह कार्य कब तक पूरा कर लिया जाएगा ?
4. समस्त कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका अद्यतन कराने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जाकर नया सत्र प्रारंभ होने के पूर्व यह कार्य विशेष प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जावे।
5. सत्र प्रारंभ होने के पूर्व सभी स्कूलों में पाठ्यपुस्तक एवं शाला गणवेश की आपूर्ति सुनिश्चित हो, जिससे छात्र-छात्राओं को सत्र प्रारंभ से ही व्यवधान रहित शिक्षण सुलभ हो।
6. शालाओं के शौचालयों/प्रसाधन कक्षों के मरम्मत का कार्य सत्र प्रारंभ होने के पूर्व पूर्ण कर लिया जाए, इस संबंध में आवश्यक पहल आपके माध्यम से सुनिश्चित हो।
7. सेवा निवृत्त होने वाले शिक्षकों/कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान एवं पी.पी.ओ.आर्डर यथासमय शीघ्र हो जाए, ऐसी कार्यप्रणाली अमल में लाई जाए।
8. पेंशन प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के साथ समय पर पूर्ण कर लिया जाए।
9. समस्त कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची का प्रकाशन किया जाकर दावा आपत्ति मंगाया जाए तथा त्रुटि रहित वरिष्ठता सूची संधारित किया जाए।
10. टी.ई.टी. परीक्षा उत्तीर्ण करने के संबंध में विभाग की ओर से अब तक जो भी आदेश समय-समय पर जारी की गई हो, उन सब की आपके द्वारा प्रमाणित छायाप्रति संघ को उपलब्ध कराया जाए, जिससे कि शिक्षकों में उहापोह की स्थिति निर्मित न हो।
प्रतिनिधि मंडल में संघ के प्रांतीय सचिव नरेंद्र कुमार साहू, जिलाध्यक्ष कामता प्रसाद साहू, जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र राय, भटगांव तहसील अध्यक्ष फिरतराम सायतोड़े, जिला संयुक्त सचिव दरसराम राजेत्री, वरिष्ठ सलाहकार रेशमलाल देवांगन, कार्यकारिणी सदस्य गोपाल रौशिक एवं चन्द्र शेखर सारथी उपस्थित थे।