राजनांदगांव: डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर परिसर स्थित भैरव मंदिर में अचानक आग लग गई। घटना दोपहर करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान जलाई गई अगरबत्ती से आग की शुरुआत हुई। देखते ही देखते आग मंदिर में रखी चुनरी और आसपास पड़े कपड़ों तक फैल गई। कपड़ों में आग पकड़ने के कारण कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं, जिससे मंदिर परिसर में धुआं भर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
स्थानीय लोगों की तत्परता के चलते आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि मंदिर में रखे पूजा सामग्री और कपड़ों को नुकसान पहुंचा है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। लोगों ने राहत की बात कही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।