राजनांदगांव: विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह के जन्मदिन पर कैंप हाऊस में राजदरबार सजा। गुरुवार की शाम राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित मंत्रिमंडल के आठ सदस्य शामिल हुए। प्रदेशभर से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कारोबारी और समाजसेवी विधानसभा अध्यक्ष आवास में रात्रि भोज के आयोजन में शामिल हुए। जिसके बाद उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित बालीवुड गायक जुबिन नौटियाल के कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोता जुटे थे।
डा रमन सिंह के जन्मदिन के आयोजन में मंत्रिमंडल सदस्य केदार कश्यप, रामविचार नेताम, लक्ष्मी राजवाड़े, राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, दयालदास बघेल, गजेंद्र यादव शामिल हुए। प्रदेश संगठन के बड़े नेताओं ने भी इस मौके पर राजनांदगांव का रुख किया। इधर, युवा वेलफेयर फाउंडेशन के आयोजन में बालीवुड गायक जुबिन नौटियाल के प्रस्तुति को लेकर रोमांचित शहर में व्यवस्था संभालने की तैयारी संभालने पुलिस बल बुधवार से जुटा रहा।
बंद करने पड़े दरवाजे और रास्ते
गुरुवार को वीवीआइपी के आगमन और कार्यक्रम स्थल में पहुंचने वाले भीड़ को संभालने रास्ते वनवे करने पड़े। शाम सात बजे कमला कालेज चौक से भदौरिया चौका का रास्ता बंद कर दिया गया। दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में अनुमान से अधिक भीड़ जुटी। आखिरी वक्त में व्यवस्था संभालने स्टेडियम के दरवाजे बंद करने पड़े। आयोजकों ने पहले ही श्रोताओं से छह बजे से पहले पहुंचने की अपील की थी जबकि दरवाजे पर लोग नौ बजे तक पहुंचते रहे। तब तक गायक जुबिन मंच पर नहीं आए थे।