राजनांदगांव : धान खरीदी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के लिए 60 प्रतिशत पीडीएस बारदाना पहुंच चुका है। जूट के पुराने बारदानों में भी सिलाई और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। आगामी खरीफ सीजन में धान खरीदी के दौरान बारदानों की कमी न हो, इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारी की जा रही है।
उपार्जन केंद्रों में पुराने जूट बारदानों की सिलाई और मरम्मत कर उन्हें दोबारा उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है। मिलर्स से भी पुराने बारदाने जमा कराने की प्रक्रिया जारी है। विभाग का प्रयास है कि खरीदी शुरू होने से पहले पर्याप्त बारदानों की व्यवस्था सुनिश्चित हो जाए। धान खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया भी चल रही है। किसानों को समय पर पंजीयन कराने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि खरीदी के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।