रामकुमार गुप्ता आरंग। अहिंसा, सामाजिक समरसता, लोककल्याण एवं आर्थिक समानता के प्रबल समर्थक महाराजा अग्रसेन की जयंती अग्रसेन योगासन शाखा एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर, अग्रवालपारा आरंग में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आत्मसात कर समाज सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रसेन योगासन शाखा के सदस्यों द्वारा नियमित योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं संघ प्रार्थना के पश्चात किया गया। मुख्य अतिथि आशुतोष अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष जयशंकर अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. आलोक अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन एवं भारत माता के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि आशुतोष अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के जीवन एवं समाज कल्याण के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अग्रोहा में बसने वाले जरूरतमंद लोगों को एक ईंट और एक रुपये के सहयोग की परंपरा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया। इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को घर बसाने और व्यवसाय शुरू करने में सहयोग देना था। उनके इस आदर्श ने सामाजिक समानता, सहयोग और दान की महत्ता को स्थापित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जयशंकर अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन अहिंसा के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने यज्ञों में पशुबलि की प्रथा का विरोध किया तथा क्षत्रिय परंपरा से वैश्य वर्ण अपनाकर व्यापार एवं कृषि के माध्यम से समाज को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। आज अग्रवाल समाज उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज और देश की सेवा में योगदान दे रहा है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. आलोक अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, यात्री सुविधाओं, धर्मशालाओं, पेयजल व्यवस्था तथा महिलाओं के सम्मान को विशेष महत्व दिया। उनके लोककल्याणकारी विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके सम्मान में भारत सरकार ने वर्ष 1976 में डाक टिकट जारी किया। साथ ही वर्ष 1995 में एक मालवाहक का नाम भी महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा गया।
इस अवसर पर रविंद्र अग्रवाल, अमिताभ अग्रवाल, अभिनेष अग्रवाल, ओम गुप्ता, बलराम साहू, गिलेश्वर साहू, शंकर पाल, गोपाल पाल, शंकर यादव, बाबू गुलाब दास एवं रामकुमार कंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार ठाकुर ने किया तथा आभार प्रदर्शन बृजेश अग्रवाल ने किया।