राजनांदगांव : वर्षों से किराये के मकान में रह रहे और आवासहीन परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हो सकता है। नगर निगम की मोर मकान मोर आस योजना के तहत 28 अक्टूबर को लाटरी के माध्यम से आवास आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए दोपहर 3:30 बजे निगम सभागृह में प्रक्रिया होगी। दावा-आपत्ति के बाद तैयार सूची में शामिल 915 पात्र आवेदकों में से परियोजना के अनुसार निर्धारित राशि जमा करने वालों को लॉटरी में शामिल किया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में लखोली, पेंड्री, मोहारा और रेवाडीह में 1427 बहुमंजिला आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा 503 आवास अलग-अलग चरणों में निर्माणाधीन हैं। पूर्व में 328 पात्र आवेदकों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं। निगम के अनुसार, पात्र आवेदक कार्यालयीन दिवस में पहुंचकर निर्धारित राशि जमा कर सकते हैं।
निर्माणाधीन आवासों के लिए किस्त की सुविधा
योजना के तहत पूर्ण आवासों के लिए हितग्राही अंशदान की राशि एकमुश्त अग्रिम जमा करनी होगी। वहीं, निर्माणाधीन आवासों के लिए लाटरी से पहले निर्धारित मूल्य का 10 प्रतिशत जमा करना होगा। शेष राशि 10 महीने में किस्तों के रूप में जमा की जा सकेगी। निगम के अनुसार, निर्माणाधीन आवासों को एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है।