छुईखदान: नवरात्र पर्व के अवसर पर वनांचल क्षेत्र में आस्था और जनसंवाद का संगम देखने को मिला। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह छुईखदान विकासखंड के पैलीमेटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गहिराटोला पहुंचे। यहां उन्होंने माता रानी के दरबार में मत्था टेककर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की। साथ ही क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर गांव में चल रहे विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। ग्राम गहिराटोला स्थित मंदिर परिसर में नवरात्र के दौरान भक्तिमय माहौल रहा। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि नवरात्र का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व समाज में सकारात्मकता और आपसी सद्भाव का संदेश देता है।
ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
पूजा-अर्चना के बाद श्री सिंह ने गांव के बुजुर्गों, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भेंट-मुलाकात की। इस दौरान गांव के विकास, अधोसंरचनात्मक जरूरतों और जनसमस्याओं पर चर्चा हुई। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वनांचल क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीण महिलाओं ने महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि नियमित रूप से बैंक खातों में मिलने की जानकारी दी। महिलाओं ने बताया कि इससे उन्हें अपने छोटे-मोटे दैनिक खर्चों के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है। विक्रांत सिंह ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना आवश्यक है। इस दौरान नर्मदा मंडल भाजपा अध्यक्ष आनंद पटेल, मंडल महामंत्री भीखू हिरवानी, आनंद सिन्हा, संतन साहू, बाला जंघेल, माखन जंघेल, बल्लू जंघेल, रामप्रसाद मरावी और अमरपाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।