October 25, 2026


वनांचल तुमड़ादाह में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित बैगा समुदाय के 55 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

खैरागढ़। कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल शुक्ला के मार्गदर्शन में विकासखंड छुईखदान के दूरस्थ वनांचल ग्राम तुमड़ादाह स्थित बहुउद्देशीय केंद्र में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य में जनजातीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी और उनके सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'स्वास्थ्य-पोषण सेवा संगम' कार्यक्रम के तहत यह पहला स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण के प्रमुख आंकड़े

शिविर के दौरान मेडिकल टीम ने ग्रामीणों की विभिन्न बीमारियों की सघन जांच की। इस अवसर पर:

2 गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच की गई।

1 बच्चे का आवश्यक टीकाकरण किया गया।

35 लोगों की टीबी और कुष्ठ रोग संबंधी जांच हुई।

20 ग्रामीणों के रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) और शुगर की जांच की गई।

17 लोगों की मलेरिया और 5 लोगों की सिकल सेल जांच संपन्न हुई।

पोषण और स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक

स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ चिकित्सा दल ने ग्रामीणों को बच्चों के उचित पोषण, कुपोषण की पहचान व रोकथाम, तथा गर्भवती एवं शिशुवती माताओं की विशेष देखभाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

चिकित्सा दल का सराहनीय योगदान

इस सफल स्वास्थ्य शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पैलीमेटा के डॉक्टर और मैदानी अमले ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर को सफल बनाने में डॉ. महेश साहू, आरएमए श्री उपेंद्र नाथ ठाकुर एवं श्रीमती मृदुला यादव, सुपरवाइजर श्री धारने, एलएचवी श्रीमती ऊके, आरएचओ श्री गणेश सोरी, श्री वासुदेव, श्री सुरेश, एएनएम श्रीमती देवकुमारी तथा सीएचओ कुमारी तेजेश्वनी का विशेष योगदान रहा।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch