October 22, 2026


शासकीय अतिथियों के ठहरने की सुविधाओं का होगा विस्तार : 3.04 करोड़ से बन रहा नया सर्किट हाउस

राजनांदगांव: जिला मुख्यालय खैरागढ़ में शासकीय आतिथ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नया सर्किट हाउस आकार लेने लगा है। तीन करोड़ चार लाख 27 हजार रुपये की लागत से बन रहे इस भवन की नींव का काम पूरा हो चुका है और फिलहाल प्लिंथ निर्माण जारी है। विभागीय प्रगति विवरण के अनुसार, निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा हुआ तो मार्च 2027 तक जिला मुख्यालय को नया सर्किट हाउस मिल जाएगा। जिला मुख्यालय में निरीक्षण, समीक्षा बैठकों और विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों के सिलसिले में अधिकारियों एवं अतिथियों का लगातार आगमन होता है। ऐसे में उनके ठहरने के लिए व्यवस्थित आवासीय सुविधा प्रशासनिक व्यवस्था का अहम हिस्सा है। नवीन सर्किट हाउस के निर्माण से खैरागढ़ में शासकीय प्रवास पर आने वाले अधिकारियों और अतिथियों को ठहरने के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी। इससे जिला मुख्यालय की आतिथ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सितंबर 2025 में मिली थी स्वीकृति

परियोजना के लिए 8 सितंबर 2025 को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद निर्माण एजेंसी जैन कंस्ट्रक्शन, बालोद को 24 जून 2026 को कार्यादेश जारी किया गया। अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करने के लिए नौ माह की अवधि निर्धारित की गई है। कार्य पूर्ण करने की तय तिथि 24 मार्च 2027 है।

 प्लिंथ निर्माण के बाद आगे बढ़ेगा काम

भवन की नींव का कार्य पूरा होने के बाद अब प्लिंथ निर्माण किया जा रहा है। यह भवन की संरचना का महत्वपूर्ण चरण है। इसके पूरा होने के साथ निर्माण कार्य अगले चरण में आगे बढ़ेगा और भवन का स्वरूप स्पष्ट होने लगेगा। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला मुख्यालय में प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। नवीन सर्किट हाउस इसी दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। निर्धारित समयसीमा के अनुसार निर्माण पूरा होने पर मार्च 2027 तक जिले को अतिरिक्त आवासीय सुविधा मिलने की संभावना है। इससे शासकीय प्रवास और प्रशासनिक गतिविधियों के दौरान ठहरने की व्यवस्था अधिक सुगम हो सकेगी।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch