October 25, 2026


किरंदुल-बचेली में ट्रकों की अवैध पार्किंग पर एक्शन: SDOP ने ट्रक ओनर्स एसोसिएशन को लिखा कड़ा पत्र


किरंदुल । शहर की सड़कों पर ट्रकों की बेतरतीब पार्किंग से यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। इस गंभीर समस्या को लेकर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) ने बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन, किरंदुल को कड़ा पत्र लिखकर ट्रकों को शहर से बाहर पार्क कराने के निर्देश दिए हैं।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि एसोसिएशन से जुड़े ट्रक मालिक अपने ट्रकों को किरंदुल और बचेली शहर में डिवाइडर के दोनों तरफ सड़क किनारे खड़ा कर रहे हैं। इससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस के अनुसार पूर्व में भी थाना प्रभारी किरंदुल और बचेली के माध्यम से ट्रक मालिकों को शहर से बाहर पार्किंग करने की समझाइश दी गई थी। निर्देश नहीं मानने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कई वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई, इसके बावजूद ट्रक यूनियन द्वारा कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया।

SDOP ने पत्र में स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा मानकों का पालन कराने और ट्रकों को शहर से बाहर खड़ा कराने की पहली जिम्मेदारी एसोसिएशन की है। निर्देश दिया गया है कि किरंदुल और बचेली शहर में सड़क के दोनों किनारे ट्रकों को खड़ा न कराया जाए। निर्देशों की अवहेलना करने पर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी ट्रक मालिकों और बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन की होगी।

पुलिस के इस सख्त रुख के बाद शहरवासियों में राहत की उम्मीद जगी है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch