June 02, 2026


हल्की हवा बारिश के बाद शहर अंधेरे में डूबा सात घंटे तक गुल रही बिजली

उपभोक्ताओं में दिखा आक्रोश, कंपनी पहुंचकर लेते रहे जानकारी

राजनांदगांव: शनिवार शाम तेज हवा और हल्की बारिश के बाद शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सदर बाजार सहित कई प्रमुख इलाकों में शाम करीब छह बजे से रात एक बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से गर्मी और उमस से परेशान लोगों का धैर्य जवाब दे गया और कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। बिजली गुल होने से सदर बाजार, भरकापारा, ठेठवार पारा, बालगोबिंद चौक, आजाद चौक, दुर्गा चौक, दीवान पारा, शीतला मंदिर रोड, दिग्विजय कालेज रोड, सागरपारा, नंदई चौक और डबरी पारा जैसे प्रमुख इलाके अंधेरे में डूबे रहे। रातभर बिजली नहीं आने से घरों में लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे। अचानक हुई बिजली कटौती के बाद स्थिति और खराब हो गई, क्योंकि पंखे और कूलर बंद होने से घरों में रहना मुश्किल हो गया।

बिजली आस पहुंचे लोग, नहीं मिला जवाब

बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद कई उपभोक्ता कैलाश नगर स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय भी पहुंचे। लेकिन आरोप है कि इस दौरान जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, मगर किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समय पर कोई समाधान नहीं किया गया, जिससे उन्हें रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली कंपनी द्वारा लगातार मेंटेनेंस और सुधार कार्य के दावे किए जाते हैं, लेकिन जरा सी तेज हवा या बारिश होते ही शहर की बिजली व्यवस्था ठप हो जाती है। लोगों का कहना है कि यह समस्या हर बार बारिश के मौसम में सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

कंपनी नहीं कर पा रही ठोस पहल

इसके पहले भी क्षेत्र के लोगों ने बिजली विभाग का घेराव कर व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी थी, लेकिन स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। लगातार घंटों तक बिजली बंद रहने से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। गर्मी से परेशान लोग पूरी रात जागने को मजबूर रहे। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में और गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। उपभोक्ताओं ने बिजली कंपनी से मांग की है कि ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाए जाएं, ताकि हल्की बारिश और हवा में भी शहर को अंधेरे में न रहना पड़े।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch