आरंग। राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता-2026 में ग्राम नारा के युवा खिलाड़ी आकाश चंद्राकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक साथ पांच पदक अपने नाम किए हैं। आकाश ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और तीन रजत पदक हासिल कर अपने गांव, क्षेत्र और जिले का गौरव बढ़ाया है।
रायपुर में बीते माह आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में आकाश चंद्राकर, पिता प्रहलाद चंद्राकर ने अपनी दमदार प्रतिभा और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के स्ट्रेंथ लिफ्टिंग वर्ग में उन्होंने दो स्वर्ण पदक प्राप्त किए, वहीं पावरलिफ्टिंग वर्ग में तीन रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में एक साथ पांच पदक हासिल करना आकाश की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के खेलप्रेमियों और ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने पर जिला पंचायत रायपुर के सदस्य वतन चंद्राकर ने आकाश चंद्राकर का सम्मान किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी गई तथा उज्ज्वल खेल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि आकाश की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना निश्चित रूप से गौरव की बात है। आकाश ने अपनी प्रतिभा के दम पर यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
वतन चंद्राकर ने आकाश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।