रामकुमार गुप्ता आरंग : जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए लोग अक्सर अलग-अलग तरीके अपनाते हैं, लेकिन आरंग विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दिनेश शर्मा ने अपना जन्मदिन स्कूली बच्चों के बीच मनाकर इसे सेवा और आत्मीयता का अवसर बना दिया। रायपुर जिला कलेक्टर की नवाचारी पहल ‘आओ खुशियां बांटें’ से प्रेरित होकर उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला रविदास नगर, आरंग में विद्यार्थियों के लिए विशेष ‘न्योता भोज’ का आयोजन कराया।
आरंग। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए लोग अक्सर अलग-अलग तरीके अपनाते हैं, लेकिन आरंग विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दिनेश शर्मा ने अपना जन्मदिन स्कूली बच्चों के बीच मनाकर इसे सेवा और आत्मीयता का अवसर बना दिया। रायपुर जिला कलेक्टर की नवाचारी पहल ‘आओ खुशियां बांटें’ से प्रेरित होकर उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला रविदास नगर, आरंग में विद्यार्थियों के लिए विशेष ‘न्योता भोज’ का आयोजन कराया।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान बीईओ दिनेश शर्मा ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनकी पसंद जानी। इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को खीर, पूड़ी, केला, बिस्किट और चॉकलेट परोसे। अधिकारी को अपने बीच इस तरह आत्मीयता से भोजन कराते देख बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने मुस्कुराते हुए ‘थैंक्यू’ कहकर बीईओ का आभार जताया।
इस अवसर पर बीईओ शर्मा ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को कॉपी-पेन भी उपहार में दिए और कहा कि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए बीईओ दिनेश शर्मा ने कहा कि “ये बच्चे ही हम सबकी पहचान और देश का वास्तविक भविष्य हैं। इनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास ही हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ समय बिताना और उनकी खुशियों में सहभागी बनना अपने आप में सुखद अनुभव है।
बीईओ के इस पहल की विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अधिकारियों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और जन्मदिन का अवसर उनके लिए भी खुशी का यादगार पल बन गया।
इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे, विकासखंड स्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन, संकुल समन्वयक प्रहलाद शर्मा, मनोज मुछावर, पोखन साहू, प्रफुल्ल मांझी, विक्की करमेले, योगेश्वर साहू, नोहर बांधे सहित शालेय परिवार से लता ध्रुव, मनहरण ध्रुव, यशवंत साहू एवं भूपेंद्र साहू उपस्थित रहे।