राजनांदगांव: डोंगरगांव मार्ग पर पनेका क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के पहले पत्रकार आवासीय परिसर में मुख्य प्रवेश पाइंट पर रानी सूर्यमुखी देवी के नाम पर भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। इतना ही नहीं परिसर के मध्य भाग में श्री शंकर-श्री गणेश का मंदिर भी बनाया जाएगा। राजगामी संपदा न्यास का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आवासीय परिसर का अवलोकन करने पहुंची पूर्णिमा साहू व उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने प्रेस क्लब की इन मांगों पर आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राजगामी की अगली बैठक में इस पर निर्णय किया जाएगा।
राजगामी संपदा न्यास की नव मनोनीत अध्यक्ष पूर्णिमा और उपाध्यक्ष मनोज रविवार को औपचारिक निरीक्षण के लिए पत्रकार आवासीय परिसर पहुंचे थे। इस दौरान आवासीय परिसर में प्रस्तावित मंदिर निर्माण के साथ ही डोंगरगांव मार्ग पर परिसर के मुख्य प्रवेश मार्ग पर रानी सूर्यमुखी देवी के नाम से स्वागत द्वार निर्माण के लिए मांग पत्र भी सौंपा गया। इस पर दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि चुंकि पत्रकार आवासीय परिसर को रानी सूर्यमुखी देवी के नाम पर रखा गया है। ऐसे में राजगामी की तरफ से रानी के नाम को अक्षुण्य व चिरस्थायी बनाए रखने हर संभव सहयोग किया जाएगा। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि और प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष मिथलेश देवांगन ने पदाधिकारियों को आवासीय परिसर में विकास कार्यों व प्रस्तावित कार्ययोजना से भी अवगत कराया। इस दौरान प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र बहादूर सिंह, प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष बसंत शर्मा, मोहन कुलदीप, नीरा साहू, ललित ठाकुर, अवधेश यादव, गंगादास वैष्णव, अनिल नागवंशी, कृष्णा तिवारी व रोहित देवांगन सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे।
दुधिया रोशनी से जगमगाएगा आवासीय परिसर
राजगामी संपदा न्यास द्वारा आवंटित 10 एकड़ जमीन पर विकसित पत्रकार आवासीय परिसर शीघ्र ही दुधिया रोशनी से जगमगाने वाला है। नगर निगम द्वारा वहां दो हाई मास्ट लाइटें लगाई जा रही है। इसके लिए सोमवार को प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि और प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष मिथलेश देवांगन ने क्लब के सदस्यों की उपस्थिति में भूमिपूजन कर कार्य की शुरुआत कराई। यह कार्य महापौर मधुसूदन यादव और कलेक्टर जितेंद्र यादव की पहल पर कराया जा रहा है। इसके पूर्ण होने पर पूरा परिसर जगमग रोशनी से नहा उठेगा। इस दौरान प्रेस क्लब के अनुपम ठाकुर (गोल्डी), जितेंद्र सिंह, बसंत शर्मा, नीरा साहू, सुरेंद्र गुप्ता, हफीज खान व भाजपा नेता प्रकाश साहू उपस्थित थे।