राजनांदगांव: कथित लव जिहाद को लेकर सोमवार को रात लगभग आठ बजे महावीर चौक पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता अचानक सड़क पर उतर गए। उनके साथ उस युवती के स्वजन भी थे, जिन्हें बरगलाकर एक समुदाय विशेष का युवक भगा ले गया था और कोर्ट मैरिज की तैयारी में है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित युवक और युवती का चुपके से बयान लेकर दोनोंं को छोड़ दिया गया, जबकि युवती को स्वजनों को सौंपा जाना था। प्रदर्शन के चलते चौराहे के आसपास यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। रात तक प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करते रहे।
बताया गया कि कुछ दिन पहले उसी क्षेत्र की एक युवती अचानक लापता हो गई। स्वजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई। इस बीच युवक और युवती ने कोर्ट मैरिज के लिए कलेक्टर न्यायालय में आवेदन भी दे दिया। दोपहर में पुलिस ने युवक-युवती को थाने लाया। वहां दोनों का बयान लेकर साथ में ही जाने दे दिया। इसकी जानकारी मिलने पर युवती के स्वजन भड़क गए। हिंदू संगठनों तक बात पहुंची। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि यह प्रकरण सामान्य प्रेम-प्रसंग का नहीं, बल्कि लव जिहाद का है। उनका कहना था कि गुम युवती का जब पता चल गया और थाने में बुलवाकर बयान लिया गया तो इस दौरान शिकायतकर्ता परिवार को क्यों नहीं बुलाया गया। ऐसा किया जाता तो काउंसिलिंग कराकर युवती को समझाया जाता। बालिग होने के नाम पर पुलिस ने स्वजनों को युवती के बारे में किसी तरह की सूचना तक नहीं दी। एसडीएम गौतम पाटिल की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। आश्वासन दिया गया कि संगठन व स्वजन की उपस्थिति में युवती का बयान लिया जाएगा।