May 21, 2026


कथित लव जिहाद पर भड़का हिंदू संगठन सुंदरकांड पाठ कर जताया विरोध

विरोध प्रदर्शन: कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन कर रखी युवती के काउंसिलिंग की मांग

राजनांदगांव : कथित लव जिहाद को लेकर संस्कारधानी में लगातार तीसरे दिन वातावरण गर्म रहा। बुधवार को हिंदू संगठनों ने कायस्थ सभा के साथ कलेक्टोरेट के सामने विरोध प्रदर्शन किया। सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद नारेबाजी की गई। आखिर में प्रशासन को मुस्लिम युवक के साथ गई युवती को स्वजनों को वापस सौंपने की मांग वाला ज्ञापन सौंपा गया।

मंगलवार की रात कायस्थ सभा की बैठक में हिंदू संगठनों के साथ मिलकर प्रदर्शन का निर्णय हुआ। प्रशासन को सूचना भी दे दी गई। सुबह 9.30 बजे से कायस्थ सभा के साथ अन्य समाजों व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता जुटने लगे थे। उन्हें रोकने जिला न्यायालय के पास बेरिकेडिंग कर दी गई थी। प्रदर्शनकारी इसे फांदते हुए कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार तक जा पहुंचे। इसी बीच युवती को उसके माता-पिता को सौंपने को लेकर नारेबाजी शुरू हो गई। सभी कलेक्टोरेट के सामने ही फ्लाईओवर के नीचे बैठ गए।

स्वजनों ने रखी काउंसलिंग की मांग

प्रदर्शन कर रहे लोग कलेक्टर जितेंद्र यादव से मिलकर अपनी बातें रखना चाहते थे। ज्ञापन के माध्यम से कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी बीच अपर कलेक्टर सीएल मारकंडेय बाहर आए। संगठनों ने कलेक्टर से ही मुलाकात की बात कही। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल को कलेक्टर जितेंद्र यादव से मिलने का अवसर दिया गया। जहां पहुंचे सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने पूरे मामले को लव जिहाद बताते हुए युवती को उसके माता-पिता से मिलने देने की बात कही। साथ ही सखी सेंटर में रखी गई युवती की काउंसलिंग भी जारी रखने की मांग दोहराई।

 बरगलाकर युवती को ले जाने का आरोप

तुलसीपुर की एक युवती लगभग तीन सप्ताह पहले शहर के ही एक मुस्लिम युवक के साथ चली गई। उसे युवक ने अपने घर पर ही छिपा रखा था। दोनों ने शादी के लिए कोर्ट में आवेदन दे रखा है। स्वजनों को जानकारी मिलने के बाद से माहौल गरमाया हुआ है। सोमवार रात महावीर चौक में चक्काजाम व प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद मंगलवार को युवती को युवक के घर से लाकर सखी सेंटर में रखा गया है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि युवती को बरगलाकर ले जाया गया है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch