कटेकल्याण : बच्चों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आईटीआई कटेकल्याण में पॉक्सो एक्ट 2012 पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग, दंतेवाड़ा के वक्ता * शशिकांत झा* ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट 2012 के कानूनी प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा लैंगिक अपराधों की रोकथाम के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के लैंगिक अपराध की स्थिति में उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं के लगभग 70 से 80 विद्यार्थी, आईटीआई कटेकल्याण एवं स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय के समस्त शिक्षक तथा गोपीचंद साहू, परियोजना समन्वयक उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना तथा बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों के सम्मान तथा पॉक्सो एक्ट 2012 के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यशाला का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों का संरक्षण और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।