किरंदुल। कभी मलिंगर एरिया कमेटी के रेड कॉरिडोर के नाम से जाना जाने वाला क्षेत्र बुधवार को विकास की नई इबारत लिख रहा है। पेरपा चौक, जहाँ से गुजरने में भी लोग कभी खौफ खाते थे, आज वहाँ सड़कों का जाल बिछ रहा है, बिजली पहुंच रही है और विकास की रफ्तार तेज हो रही है।
दंतेवाड़ा श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष आजाद सक्सेना बताते हैं कि यह बदलाव रातों-रात नहीं आया है। इसके पीछे दंतेवाड़ा पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन की दृढ़ इच्छाशक्ति और उन वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर इस क्षेत्र को नक्सलमुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
आज मलिंगर एरिया में स्कूलों में बच्चों की किलकारी गूंज रही है, स्वास्थ्य केंद्र सक्रिय हैं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। बस्तर का यह बदलता स्वरूप पूरे देश के लिए एक मिसाल बन रहा है।