राजनांदगांव: नगर पंचायत घुमका चुनाव को लेकर राजनीतिक वातावरण पूरी तरह गरमा गया है। सोमवार को भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने नामांकन प्रक्रिया को शक्ति प्रदर्शन का मंच बना दिया। समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के साथ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराया। नामांकन के दौरान पूरे घुमका क्षेत्र में चुनावी उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों, नारों और रैली के बीच दोनों दलों के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। भाजपा की अध्यक्ष प्रत्याशी किरण वर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दिनेश गांधी, राजगामी संपदा की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू की मौजूदगी में तहसील कार्यालय में सोमवार को नामांकन जमा किया। वहीं कांग्रेस की अध्यक्ष प्रत्याशी फूलमती वर्मा ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान, पदम कोठारी व अन्य की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किया।
दिशा तय करने का अहम अवसर
इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत के दावे करते हुए माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया। नामांकन रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। जगह-जगह स्वागत और नारेबाजी के बीच प्रत्याशियों ने जनता से समर्थन मांगा। दोनों दलों ने इसे आगामी चुनाव की दिशा तय करने वाला अहम अवसर बताया। नगर पंचायत चुनाव को लेकर अब क्षेत्र में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकते नजर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और अधिक तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
युवाओं पर जताया भरोसा
नगर पंचायत घुमका में अध्यक्ष के एक और 15 वार्ड पार्षदों के लिए चुनाव होंगे। चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। दोनों दलों के नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा-कांग्रेस ने युवाओं पर भी भरोसा जताया है। सोमवार को नामांकन के दौरान चुनावी नजारा देखने को मिला। तहसील कार्यालय के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही। नामांकन दाखिल करने के बाद जमकर नारेबाजी भी हुई।
इस तरह होगी चुनावी प्रक्रिया
0 19 मई को नामांकन पत्रों की जांच।
0 21 मई को नाम वापसी दोपहर तीन बजे तक और चुनाव चिह्न आवंटित।
0 अध्यक्ष व पार्षदों के लिए मतदान एक जून।
0 वोटों की गिनती चार जून को सुबह आठ बजे से।