राजनांदगांव :- जनगणना 2027 के प्रथम चरण के मकान सूचीकरण कार्य की समीक्षा के लिए निगम सीमा क्षेत्र के सभी सुपरवाईजरों की बैठक आयुक्त और नगर जनगणना अधिकारी अतुल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में आयुक्त ने बताया कि निगम सीमा क्षेत्र में 1 मई 2026 से शुरू हुए मकान सूचीकरण कार्य में लगभग 90 प्रतिशत मकानों का सूचीकरण पूरा हो चुका है। कुल 59116 अनुमानित मकानों में 53993 मकानों की गणना की जा चुकी है। उन्होंने सभी सुपरवाईजरों और प्रगणकों की मेहनत की सराहना करते हुए शेष कार्य 20 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि गणना के आधार पर नजरी नक्शा तैयार किया जा सके और बंद पाए गए मकानों में रहने वालों की जनगणना भी अंतिम समय तक पूरी हो सके।
आयुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र के 339 ब्लॉक में से 157 ब्लॉक में मकान सूचीकरण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 182 ब्लॉक में कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित ब्लॉक के सुपरवाईजरों से शेष कार्य जल्द पूरा करने का आग्रह किया।
बैठक में सभी ब्लॉक के सुपरवाईजर उपस्थित थे और उन्होंने अपने-अपने ब्लॉकों में किए गए कार्य की जानकारी दी। आयुक्त ने जोर देते हुए कहा कि समय पर पूर्ण मकान सूचीकरण से ही जनगणना का पहला चरण सफल होगा।