May 04, 2026


घर घर पहुंची जनगणना टीम नागरिकों से सहयोग की अपील : शिव वर्मा

चाय-पानी भी पूछें*

राजनांदगांव :- जनगणना का महत्त्वपूर्ण कार्य अब तेज़ी पकड़ चुका है। नगर निगम क्षेत्र के सभी 51 वार्डों में प्रगणक घर-घर पहुंचकर नागरिकों की जानकारी एकत्र कर रहे हैं। इस दौरान आम लोगों से न केवल सही जानकारी देने की अपील की गई है बल्कि सर्वे टीम के प्रति सहयोग और सम्मान दिखाने का आग्रह भी किया गया है।

नगर निगम भाजपा के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है जिसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब प्रगणक घर पर आएं तो उनका सहयोग करें और मानवीयता दिखाते हुए उन्हें चाय-पानी भी जरूर पूछें। शहर के सभी 51 वार्डों में जनगणना का कार्य शुरू हो चुका है। प्रगणक क्षेत्र में सक्रिय होकर घर-घर सर्वे कर रहे हैं और लोगों से जरूरी जानकारी एकत्र कर रहे हैं। साथ ही जिन नागरिकों ने स्वयं पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की है उसकी मौके पर जांच और सत्यापन भी किया जा रहा है ताकि आंकड़ों की सटीकता बनी रहे। यह जनगणना कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन - HLO) किया जा रहा है। इस दौरान प्रगणक ‘सेन्सस 2027 हाउस लिस्ट मोबाइल ऐप’ के जरिए डिजिटल तरीके से डाटा संग्रह कर रहे हैं जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी हो सके। सर्वे के दौरान प्रत्येक घर से 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी ली जा रही है। इसमें आवास की स्थिति उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, परिवार से जुड़े विवरण और अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल हैं। इसके साथ ही नागरिकों को एक यूनिक आईडी भी दी जा रही है जिसे प्रगणक के आने पर दिखाना अनिवार्य होगा ताकि जानकारी का सही मिलान किया जा सके। श्री वर्मा ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और शहर के विकास की नींव होते हैं।इन्हीं आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाएं बनाई जाती हैं जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बेहतर नीतियां तैयार की जा सकें। नागरिकों से आग्रह है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग दें सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं और प्रगणकों के कार्य को सरल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch