June 02, 2026


ऑक्सीजोन में स्वच्छता अभियान: सैकड़ों नगरवासियों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

राजनांदगांव :- ‘सन टू ह्यूमन फाउंडेशन’ के तत्वावधान में आज ऑक्सीजोन परिसर में एक वृहद स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में अपना योगदान दिया।

अभियान में सन टू ह्यूमन फाउंडेशन के स्वयंसेवी कार्यकर्ता डॉ. नरेंद्र नाहटा, रामनिवास गुप्ता, गोपाल गुप्ता और लक्ष्मीकांत पटेल ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही, शिवनाथ तट क्षेत्रीय विकास समिति के डॉ. डी.सी. जैन, हरजीत सिंह भाटिया, ग्राम भंवरमारा की सरपंच सुश्री माया बंधे, पूर्व सरपंच श्रीमती प्रेमलता साहू, ग्राम प्रमुख धर्मेंद्र साहू सहित पप्पी चोपड़ा, राजू डागा, जयपाल मंगवानी और चंद्रकांत नंदे की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इन सभी के साथ सैकड़ों नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम भंवरमारा की सरपंच  माया बंधे ने कहा कि ऑक्सीजोन की स्वच्छता को स्थायी रूप देने के लिए शीघ्र ही डस्टबिन की व्यवस्था की जाएगी, नियमित सफाई के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति होगी तथा स्वच्छता का संदेश देने वाले साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

स्वच्छता का संकल्प लेते हुए उपस्थित अन्य वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयासों से ही एक स्वस्थ, सुंदर और स्वच्छ वातावरण का निर्माण संभव है। उन्होंने आने वाले आगंतुकों से भी ऑक्सीजोन की सुंदरता व स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

अभियान के बाद सभी ने इस स्वच्छता को नियमित रूप से बनाए रखने का संकल्प लिया। फाउंडेशन के जवाहर सिन्हा ने बताया कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम बनी है। इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों ने स्वच्छता के प्रति जो उत्साह दिखाया, वह पूरे शहर के लिए एक प्रेरणा है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch