June 01, 2026


समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का सीएमओ ने किया खंडन, लगाए गए आरोपों को बताया निराधार

आरंग: नगर पालिका परिषद आरंग की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने हाल ही में विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रकाशित खबरों का खंडन करते हुए अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन द्वारा उन पर जनप्रतिनिधियों की अनदेखी, उपेक्षा, मनमानी कार्यशैली एवं प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरतने संबंधी लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं।

सीएमओ ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कभी भी किसी जनप्रतिनिधि की अनदेखी या उपेक्षा नहीं की है। जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार उनका समाधान करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि मिनी माता स्मृति भवन के निर्माण कार्य को लेकर भी अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोप सही नहीं हैं। मंत्री के निर्देशों के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया था और वर्तमान में कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि निकाय क्षेत्र में निर्मित ईडब्ल्यूएस आवास के दो ब्लॉकों के आवंटन के लिए समय निर्धारण का विषय अध्यक्ष के स्तर पर लंबित है। इस संबंध में पार्षदों द्वारा कई बार निवेदन किए जाने के बावजूद तिथि एवं समय निर्धारित नहीं किया गया है। शिवसेना पार्षदों द्वारा भी इस विषय में पूर्व में आवेदन एवं ज्ञापन सौंपा जा चुका है।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में ईडब्ल्यूएस आवास के दो ब्लॉकों के आवंटन कार्यक्रम की जानकारी अध्यक्ष को दी गई थी, लेकिन वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। वहीं 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत करोड़ों रुपये की राशि का उपयोग भी प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा के लिए समय नहीं मिलने के कारण नहीं हो पा रहा है।

सीएमओ ने कहा कि उनके विरुद्ध प्रकाशित खबरों से वे आहत हैं तथा जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और मनमानी कार्यशैली संबंधी लगाए गए सभी आरोपों का खंडन करती हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन जनता के हित में पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य कर रहा है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch