डोंगरगढ़ :- राष्ट्रमंडल खेल 2026 की भारोत्तोलन (53 किलोग्राम वर्ग) प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव जिले की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने बुधवार को अपने माता-पिता के साथ मां बम्लेश्वरी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति, प्रेस क्लब डोंगरगढ़, यादव समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
मंदिर ट्रस्ट की ओर से ज्ञानेश्वरी यादव को माता की चुनरी, स्मृति चिन्ह, मां बम्लेश्वरी की तस्वीर और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रेस क्लब डोंगरगढ़, यादव समाज और अन्य सामाजिक संगठनों ने भी उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ज्ञानेश्वरी यादव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, प्रशिक्षकों और देशवासियों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और कोच के सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है और इसके लिए वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी कर रही हैं।
ज्ञानेश्वरी ने बताया कि राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने पर छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें पुलिस विभाग में आउट ऑफ टर्न पदोन्नति देकर डीएसपी नियुक्त किया है तथा 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की है। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदारी से किए जाएं तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है।
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, ट्रस्ट के उपाध्यक्ष अनिल गट्टानी, मंत्री महेंद्र परिहार, ट्रस्टी बबलू शांडिल्य, संजीव गोमास्ता, योगेश अग्रवाल, गौतम चोपड़ा, सुषमा कोठारी, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी यादव, यादव समाज अध्यक्ष विश्वनाथ यादव, पार्षद शारदा यादव सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक उपस्थित रहे।