May 25, 2026


झीरम घाटी के शहीदों को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, मनाया शहादत दिवस

आरंग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग द्वारा राजीव गांधी भवन में झीरम घाटी के अमर शहीदों की पुण्यतिथि को “शहादत दिवस” के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने झीरम घाटी नक्सली हमले में शहीद हुए नेताओं और जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शहीद नंदकुमार पटेल, विद्याचरण शुक्ल, महेंद्र कर्मा, उदय मुदलियार एवं योगेंद्र शर्मा सहित सभी शहीद नेताओं और जवानों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।

सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 25 मई का दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास का सबसे काला और दर्दनाक दिन है। इस दिन प्रदेश ने अपने उन जांबाज नेताओं को खो दिया, जिन्होंने छत्तीसगढ़ की माटी और यहां के लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

वक्ताओं ने शहीद नेताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि नंदकुमार पटेल अपनी अद्वितीय संगठन क्षमता के लिए जाने जाते थे। वहीं विद्याचरण शुक्ल का राजनीतिक अनुभव बेहद व्यापक और प्रभावशाली था। महेंद्र कर्मा ने बस्तर में शांति और जनहित के लिए लगातार संघर्ष किया। उदय मुदलियार एवं योगेंद्र शर्मा को जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण के लिए याद किया गया।

नेताओं ने कहा कि इन सभी विभूतियों और जवानों का सर्वोच्च बलिदान हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग शहर अध्यक्ष खिलावन निषाद, नेता प्रतिपक्ष शरद जीतू गुप्ता, पार्षद समीर सागीर गोरी, दीपक चंद्राकर, सादिक बेलिम, मनमोहन गुप्ता, डोमन धूरू, दिलीप कुर्रे, चंद्रहास साहू, संतन बंजारे, बिसेसर साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch