May 21, 2026


बिजली कटौती और अव्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल डेढ़ घंटे तक बिजली कार्यालय का घेराव

राजनांदगांव :- शहर कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को शहर अध्यक्ष जिलाध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में रायपुर नाका स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी लिमिटेड कार्यालय का आक्रामक घेराव कर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखने और विभागीय लापरवाही को लेकर जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेसजन सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में बिजली कार्यालय के सामने एकत्र हुए और करीब डेढ़ घंटे तक कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करते रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बिजली कंपनी और सरकार के खिलाफ जोरदार रोष व्यक्त किया। अधिकारियों के सामने आने पर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने उन्हें जमकर लताड़ लगाई और जनता की परेशानियों को लेकर खरी-खोटी सुनाई।

मुदलियार ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह फेल साबित हो चुकी है, जिस छत्तीसगढ़ को कभी बिजली सरप्लस राज्य कहा जाता था, आज उसी राज्य में बिजली कटौती के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। शहर में भरी गर्मी के बीच घंटों अघोषित बिजली कटौती से आम जनता त्रस्त है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में दो-दो दिनों तक बिजली आपूर्ति ठप्प रहने से लोग भारी परेशानी झेलने मजबूर हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कार्यालयों में बैठकर दायित्वों की इतिश्री कर रहे हैं और मातहत कर्मचारी मनमानी में लगे हुए हैं। कई सब स्टेशनों में मेंटेनेंस छोड़ शराब पार्टियां चल रही हैं। सोमनी क्षेत्र में हाल ही में बिजली गुल रहने के दौरान कर्मचारियों की शराब पार्टी का वीडियो सामने आना विभाग की कार्यप्रणाली की पोल खोलता है।

मुदलियार ने कहा कि बिजली कंपनी की लापरवाही और सरकार की उदासीनता का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। लोग गर्मी में रातभर जागने मजबूर हैं, छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी।

पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीकिशन खंडेलवाल ने कहा कि बिजली कंपनी की अव्यवस्था चरम पर पहुंच चुकी है। जनता को मूलभूत सुविधा तक नहीं मिल पा रही और सरकार पूरी तरह मौन बनी हुई है।

दक्षिण ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लक्ष्मण साहू ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण शहर और गांव दोनों जगह लोग परेशान हैं। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और बिजली व्यवस्था दुरुस्त होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरानए डॉ. आफताब आलम, मेहुल मारू, प्रवीण मेश्राम, कमलजीत सिंग पिंटू, राकेश जोशी, रूबी गरचा, विवेक वासनिक, इकरामुद्दीन सोलंकी, प्रेम रूचंदानी, अशोक पंजवानी, मनीष गौतम, देवेश डाकलिया, वीरेन्द्र चंद्राकर, चेतन भानुशाली, लक्ष्मण साहू, माया शर्मा, पप्पू धकेता, देवेश वैष्णव, युवराज भारती, अमीन हुड्डा, राजा तिवारी, राजेश गुप्ता, मनीष साहू, ललित मरकाम, राकेश चंद्राकर, अभिमन्यु मिश्रा, झम्मन देवांगन, मोहन साहू, नरेश कुमार शर्मा, कृष्णा देवांगन, ललित कुमरे, राजू रंगारी, आफताब अहमद, कुलदीप कुरंजेकर, ऋषि शास्त्री, आशीष साहू, तन्मय कोटड़िया, शाहिना कुरैशी, पिंकू खान, राजा यादव, भारत सोनी, गोलू महानंद, राहुल चौबे, अंकेश बाफना, सुरेंद्र देवांगन, शिवम गडपायले, हिमालय बांधे, राहुल बांधे सहित अन्य उपस्थित थे।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch