राजनांदगांव: बास्केटबाल कोर्ट पर दमदार प्रदर्शन करते हुए राजनांदगांव की बेटियों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। शासकीय गजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय भाटापारा में 26 और 27 अक्टूबर को आयोजित राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में राजनांदगांव की महिला टीम ने रायपुर को फाइनल में 48-40 अंकों से शिकस्त देकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल, शानदार तालमेल और बेहतरीन रणनीति का परिचय दिया। राजनांदगांव की टीम ने प्रतियोगिता की शुरुआत से ही प्रतिद्वंद्वी टीमों पर दबाव बनाए रखा। शुरुआती मुकाबले में बलौदाबाजार को 26-13 अंकों से हराया, जबकि कांकेर जिले की टीम को एकतरफा मुकाबले में 32-2 अंकों से शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल में पिछले वर्ष की विजेता सरगुजा की टीम को 43-30 अंकों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में रायपुर के खिलाफ भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 48-40 अंकों से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
अनीपा, सुमन और डीमा के प्रदर्शन की सराहना
प्रतियोगिता में राजनांदगांव की खिलाड़ी अनीपा, सुमन और डीमा का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। उत्कृष्ट खेल के लिए तीनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। ये छात्राएं पिछले साढ़े तीन से चार वर्षों से साईं में दिव्या मैडम और पंकज सर के मार्गदर्शन में नियमित बास्केटबॉल प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इनके प्रदर्शन का प्रभाव पिछले वर्ष भी देखने को मिला था, जब हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की टीम ने ईस्ट जोन में प्रथम स्थान प्राप्त कर ऑल इंडिया प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था।
पांच छात्राएं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर महाविद्यालय की पांच छात्राओं का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। ये खिलाड़ी 11 नवंबर से त्रिपुरा की अगरतला यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग का प्रतिनिधित्व करेंगी। राज्य स्तर पर खिताबी जीत के बाद अब खिलाड़ियों की नजर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने पर है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डा.अंजली अवधियां, आलोक कुमार जोशी, अमरनाथ निषाद और क्रीड़ाधिकारी डा.नीता एस. नायर ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।