October 31, 2026


जयस्तंभ चौक से पसरा विस्थापित करने पहुंचा निगम व्यापारी अड़े

काफी देर की गहमागहमी के बाद समझाइश देकर लौटा निगम का अमला, महावीर चौक फ्लाईओवर के नीचे जगह देने की तैयारी

राजनांदगांव :दीपावली पर बाजार को जाम मुक्त बनाने की नगर निगम की कवायद के बीच गुरुवार को जयस्तंभ चौक पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब आयुक्त जीआर मरकाम निगम के अमले और पुलिस बल के साथ पसरा व्यापारियों को व्यवस्थापित करने पहुंचे। करवाचौथ के दिन दुकानें हटाने की कार्रवाई का व्यापारियों ने विरोध किया। काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बनने के बाद निगम का अमला समझाइश देकर लौट गया। फिलहाल जयस्तंभ चौक से पसरे हटाने की कार्रवाई नहीं हो सकी।

निगम प्रशासन का कहना है कि दीपावली के दौरान बाजार में भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ जाता है। जयस्तंभ चौक से फुटकर व्यापारियों को महावीर चौक फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित स्थान पर दुकानें लगाने की व्यवस्था बनाई जा रही है। आयुक्त जीआर मरकाम ने कहा कि पसरा व्यापारियों को व्यवस्थित करने की कार्रवाई चल रही है न की उन्हें हटाने की। निगम अधिकारियों द्वारा फुटकर व्यापारियों का सर्वे कर उनके नाम दर्ज किए जा रहे हैं। फ्लाईओवर के नीचे दुकानों के लिए स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया भी चल रही है। हालांकि, व्यापारियों और निगम के बीच हुई चर्चा का फिलहाल कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।

निगम ने स्थायी दुकानदारों को भी दुकानों के बाहर सामान फैलाकर यातायात बाधित नहीं करने की हिदायत दी है। नियमों का उल्लंघन करने पर सामान जब्त करने की चेतावनी दी गई है। गौरतलब है कि बुधवार को महापौर मधुसूदन यादव ने आयुक्त और निगम अधिकारियों के साथ शहर का निरीक्षण कर संकरे रास्तों को जाम मुक्त बनाने और दीपावली बाजार को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए थे। इसी के बाद निगम ने जयस्तंभ चौक से पसरे हटाकर व्यापारियों को वैकल्पिक स्थान पर व्यवस्थित करने की पहल तेज की है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch